शोभायात्रा में अपने घरों के आगे महर्षि मेंही का पुजन करते
शोभायात्रा में शामिल महिला श्रद्धालुओं की कतार
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को महर्षि मेंही परमहंस जी महाराज की 142वीं जयंती (वैशाख शुक्ल चतुर्दशी) धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न महर्षि मेंही आश्रमों में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जयंती के अवसर पर सिंहेश्वर स्थित महर्षि मेंही आश्रम गुरुधाम, मल्लिक टोला आश्रम, सुखासन सहित अन्य आश्रमों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-समाज और अनुयायी शामिल हुए। हाथों में ध्वज-पताका, बैनर और महर्षि मेंही परमहंस जी के चित्र लिए श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे थे।
यह शोभायात्रा मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः अपने-अपने आश्रमों में पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जगह-जगह भक्ति संगीत, सत्संग और प्रवचन का भी आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आश्रमों में पहुंचने के बाद विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें संत मत के सिद्धांतों, आध्यात्मिक साधना और मानव कल्याण के संदेश पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने महर्षि मेंही परमहंस जी के जीवन, उनके उपदेशों और समाज में उनके योगदान को विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरे कार्यक्रम का संचालन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
إرسال تعليق