रामनवमी को भव्य रूप से मनाने के लिए हुई बैठक
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा :- 26 मार्च को मनाए जाने वाले रामनवमी को भव्य तरीके से आयोजित करने के उद्देश्य से अशोक वाटिका में युवा संघ द्वारा एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंकज भगत ने की। इस दौरान रामनवमी के आयोजन को लेकर विस्तृत रूप से बजट और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक आकर्षक और व्यवस्थित होगी। खास बात यह रही कि इस बार डीजे के बजाय छोटे साउंड सिस्टम, पारंपरिक बैंड-बाजे, झांकियां और सुसज्जित रथ शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण होंगे।
निर्धारित मार्ग के अनुसार शोभायात्रा बाबा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मेला परिसर, धन्यवाद गेट, महावीर चौक, ब्लॉक रोड, पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए मुख्य बाजार के दुर्गा चौक और पेट्रोल पंप तक पूरे नगर का भ्रमण करेगी। शोभायात्रा के समापन के बाद भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु भाग लेंगे। इसके पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
दीप प्रज्वलन से होगा भगवान राम का स्वागत
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रामनवमी के अवसर पर पूरे नगर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों में भगवा ध्वज लगाए जाएंगे। नगरवासियों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने घरों के सामने दीप जलाकर भगवान राम का स्वागत करें और इस पावन पर्व को उत्साहपूर्वक मनाएं।
इसके अलावा शोभायात्रा में स्थानीय स्कूलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचंद चौधरी, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, दिलीप खंडेलवाल, जिला स्वर्णकार संघ अध्यक्ष इंद्रदेव स्वर्णकार, अनुराग चौधरी, सोनु गुप्ता, संजीव शर्मा, वार्ड पार्षद प्रदीप राम, रंजीत सिंह, समन्वयक मिलन कुमार, कोषाध्यक्ष विनय भगत समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
إرسال تعليق