शिवगंगा घाट पर आस्था का सैलाब, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चैती छठ संपन्न

 मुरलीगंज में घर पर घाट बना कर चैती छठ पर्व करती महिलाएं 



कोशीतक/सिंहेश्वर/मुरलीगंज मधेपुरा:- लोक आस्था का महापर्व चैती छठ पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। मुरलीगंज, मधेपुरा और सिंहेश्वर के शिवगंगा घाटों पर मंगलवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया, वहीं बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय इस पर्व का समापन हुआ।

छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। 36 घंटे का निर्जला व्रत रखे व्रती महिलाएं पूरी निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना करती नजर आईं। घाटों पर छठी मैया के गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। दोपहर बाद से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था और शाम होते-होते भारी भीड़ जुट गई। कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों की छतों पर अस्थायी तालाब बनाकर भी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

चैती छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई थी, जिसके बाद खरना और संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई गई। अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने पारण किया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। मुरलीगंज हाट बाजार में पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर दिनभर चहल-पहल बनी रही।

शिवगंगा घाट पर बढ़ी भीड़

सिंहेश्वर के शिवगंगा घाट पर इस बार चैती छठ में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना करते नजर आए।न्यास समिति की लापरवाही पर उठे सवाल, चेंजिंग रूम व साफ-सफाई की व्यवस्था रही नदारद

न्यास समिति की लापरवाही उजागर

छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति की उदासीनता भी सामने आई। घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी। संध्या अर्घ्य के समय महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम भी बंद रहा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सुबह के अर्घ्य के दौरान स्थिति और खराब हो गई। घाटों पर गंदगी का अंबार लगा रहा और चेंजिंग रूम नहीं खुलने से महिलाओं में नाराजगी देखी गई।

पूर्व न्यास सदस्य सरोज सिंह ने बताया कि लोगों के आग्रह पर चेंजिंग रूम खुलवाने की कोशिश की गई, लेकिन आउटसोर्सिंग कर्मियों ने चाबी उपलब्ध नहीं होने की बात कही।

वहीं मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक भवेश कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि छठ में इतनी भीड़ की पूर्व जानकारी नहीं थी। सूचना मिलने के बाद थोड़ी देर से ही सही, चेंजिंग रूम खोल दिया गया।

इस पूरे मामले ने त्योहार के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

और नया पुराने