उदाकिशुनगंज में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी सफल, 143 विद्यालयों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी

प्रोजेक्ट बेस्ट लर्निंग में बढ़-चढ़ कर पहुंचे अभिभावक 


प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग, इंस्पायर अवार्ड व सुरक्षित शनिवार की झांकी आकर्षण का केंद्र

कोशी तक /उदाकिशुनगंज मधेपुरा:- उदाकिशुनगंज प्रखंड के 12 पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्र के कुल 143 विद्यालयों में आयोजित शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी में अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे अभिभावकों में जागरूकता देखने को मिली।

संगोष्ठी में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के अंतर्गत बच्चों द्वारा तैयार प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए, वहीं “सुरक्षित शनिवार” की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच प्रगति पत्र का वितरण किया गया तथा वर्ग 5 एवं 8 के छात्रों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र देकर विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि प्रखंड में निर्वाचन की तर्ज पर संकुल समन्वयकों एवं प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग की टेक्निकल टीम को पंचायतवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि इंस्पायर अवार्ड की तैयारी अभी से शुरू करने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक विद्यालय इसमें भाग लेकर सफलता प्राप्त कर सकें।

जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) ने नए सत्र में सभी बच्चों को समय पर किताब उपलब्ध कराने और वर्ग 8 के छात्रों का नए विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

अभिभावकों ने शिक्षा विभाग की विभिन्न पहल—शतरंज प्रतियोगिता, निपुण बिहार, प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग एवं इंस्पायर अवार्ड—की सराहना की। साथ ही विद्यालय समय में संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई।

टेक्निकल टीम के सदस्यों ने बताया कि उदाकिशुनगंज प्रखंड शिक्षा के क्षेत्र में जिला ही नहीं, राज्य स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहा है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा लगातार विद्यालयों का निरीक्षण किया गया और व्यवस्था की मॉनिटरिंग की गई।

अभिभावक-शिक्षक समन्वय से नामांकन बढ़ाने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया गया।

Post a Comment

أحدث أقدم