सिलेंडर के साथ एनएच 106 को जाम करते आक्रोशित
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- गैस की आपूर्ति में अनियमितता से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सिंहेश्वर बीच बाजार में एनएच-106 को लगभग आधे घंटे तक जाम कर दिया, जिससे करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इस बाबत आक्रोशित जजहट सबैला निवासी मो. कमरूजम्मा ने बताया कि वे सुबह 8 बजे से ही लाइन में लगे थे, लेकिन गैस वितरण शुरू नहीं किया गया। कर्मियों द्वारा बार-बार यह कहा जा रहा था कि “मालिक के निर्देश के बाद ही गैस दिया जाएगा।” उन्होंने बताया कि 21 मार्च को नंबर लगाया गया था और 22 मार्च को ओटीपी भी आ गया, इसके बावजूद गैस नहीं मिला।
वहीं गौरीपुर की गृहणी रानी देवी ने कहा कि एजेंसी द्वारा रोज दौराया जाता है। आज का समय देने के बावजूद गैस नहीं दिया गया। अन्य उपभोक्ताओं—निरज कुमार सिंह, कंचन कुमारी, गंगिया देवी और बुचनी देवी—ने भी आरोप लगाया कि उन्हें रोजाना चक्कर लगवाया जा रहा है। उनका कहना था कि अब तक करीब 400 रुपये किराया खर्च हो चुका है, फिर भी गैस नहीं मिल रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि “खाना कैसे बनेगा?” और आरोप लगाया कि जिला प्रशासन गैस की कमी नहीं होने की बात कहता है, जबकि हकीकत कुछ और है।
सूचना मिलने पर थाना से पहुंचे एसआई सुडडू ने आक्रोशित लोगों को जल्द गैस उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर जाम हटवाया।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अंकिता कुमारी ने बताया कि आक्रोशित उपभोक्ताओं को नियमानुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया गया है। वहीं दूसरी ओर गैस एजेंसी के नरेश अग्रवाल ने कहा कि स्टॉक में गैस नहीं रहने के कारण वितरण नहीं हो सका। उन्होंने यह भी बताया कि गैस का वितरण का लेखा-जोखा जिला प्रशासन के निर्देश पर किया जा रहा है और स्टॉक पंजी भी प्रशासन के पास ही है।
إرسال تعليق