बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने की समस्या का समाधान, बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व छात्र ने जताया आभार

 

इंजिनियर कालेज पटना के कुलसचिव प्रदीप कुमार 


कोशी तक/ मधेपुरा|पटना:- बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज, मधेपुरा के पूर्व छात्र विभांषु कुमार ने बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना के कुलसचिव प्रदीप कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) द्वारा समय पर हस्तक्षेप कर उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान किए जाने पर आभार प्रकट किया है।

विभांषु कुमार ने बताया कि उन्हें एक प्रतियोगी परीक्षा के लिए कॉलेज से संबंधित कुछ आवश्यक दस्तावेजों की तत्काल आवश्यकता थी, जिसे ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य था। कॉलेज से संपर्क करने पर उन्हें यह बताया गया कि संबंधित दस्तावेज विश्वविद्यालय से प्राप्त होने के बाद ही दिए जा सकते हैं। हालांकि यह प्रक्रिया कॉलेज स्तर पर पूरी की जानी थी, फिर भी मामला लंबित रहा।

इसके बाद विभांषु कुमार ने बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। वहां मौजूद कर्मी ने समस्या उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, लेकिन कई दिनों तक कोई समाधान नहीं हो सका। इसके उपरांत उन्होंने सहायक कुलसचिव से संपर्क किया, जिनके निर्देश पर वे स्वयं विश्वविद्यालय पहुंचे और रजिस्टर में आवेदन दर्ज कराया।

विश्वविद्यालय में उप परीक्षा नियंत्रक सहित विभिन्न पदाधिकारियों से मिलने के बावजूद उन्हें बार-बार केवल आश्वासन ही मिलता रहा। करीब डेढ़ महीने तक वे लगातार फोन कॉल और व्यक्तिगत संपर्क करते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस दौरान कई पदाधिकारियों द्वारा जिम्मेदारी से बचने और कॉल रिसीव न करने का भी आरोप उन्होंने लगाया।

विभांषु कुमार का कहना है कि सभी पदाधिकारी ऐसे नहीं होते, लेकिन कुछ लोगों का इस तरह का व्यवहार शिक्षा के मंदिर की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के कई विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को इसी प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

आखिरकार उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रदीप कुमार से संपर्क किया। कुलसचिव ने पूरी बात को गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित कर्मियों को निर्देश देकर समस्या का समाधान कराया। बाद में स्वयं कॉल कर यह जानकारी दी कि दस्तावेज से संबंधित कार्य पूर्ण हो चुका है।

समस्या का समाधान होने पर विभांषु कुमार ने कुलसचिव महोदय को तहेदिल से धन्यवाद और आभार प्रकट किया। बातचीत के दौरान कुलसचिव ने उन्हें भविष्य में एक ईमानदार अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया, जिस पर विभांषु कुमार ने भी वैसा ही बनने का संकल्प दोहराया।

अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि कॉलेज या विश्वविद्यालय में समस्या आने पर निराश न हों, लगातार प्रयास करें, सभी स्तरों पर संपर्क करें और आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारियों से भी मिलें। समाधान जरूर निकलता है।

Post a Comment

और नया पुराने