बीपी मंडल इंजीनियरिंग कॉलेज छात्रा मौत मामला: सीबीआई जांच की मांग, अशोक कामती ने शुरू की पदयात्रा

 खुशबू की संदिग्ध मौत की सीबीआई जांच की मांग को लेकर पदयात्रा 


कोशी तक/मधेपुरा:- मधेपुरा स्थित बीपी मंडल अभियंत्रण महाविद्यालय में छात्रा खुशबू कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण में अब सीबीआई जांच की मांग उठने लगी है। नगर परिषद मधेपुरा के वार्ड नंबर 16 निवासी अशोक कामती ने इस संबंध में एसपी को आवेदन सौंपते हुए महाविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आवेदन में अशोक कामती ने आरोप लगाया है कि बीपी मंडल अभियंत्रण महाविद्यालय में इस तरह की घटनाएं लगातार होती रही हैं, लेकिन हर बार मामले को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि छात्र-छात्राओं की मौत के बाद प्राचार्य द्वारा परिजनों को सूचना दिए बिना शव को इधर-उधर ले जाकर अंततः उनके घर पहुंचा दिया जाता है, ताकि मामला सार्वजनिक न हो सके।

अशोक कामती ने बताया कि इसी मांग को लेकर उन्होंने पदयात्रा की शुरुआत की है। वे पदयात्रा करते हुए पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे और अंततः पटना पहुंचकर अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे। उनका कहना है कि महाविद्यालय के प्राचार्य की भूमिका हमेशा संदेह के घेरे में रही है और उनके विरुद्ध विभाग में कई गंभीर मामले लंबित हैं।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि महाविद्यालय में विभागीय मिलीभगत से गबन, छात्रों के साथ मानसिक प्रताड़ना और गंभीर प्रशासनिक अनियमितताएं लंबे समय से जारी हैं। पूर्व में लोकसभा चुनाव के मतदान की रात छात्र उपेंद्र कुमार की मौत का भी उल्लेख किया गया है, जिसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं होने दी गई।

इसके अलावा, महाविद्यालय की कैंटीन संचालक का लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का सामान गायब होने का मामला भी सामने लाया गया है। करीब दस वर्षों से एक ही स्थान पर जमे अधिकारी-कर्मचारियों पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अशोक कामती ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने