कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड अंतर्गत मानपुर पंचायत के जलवार गांव स्थित लालुटोकन मध्य विद्यालय के पूर्वी परिसर में विश्वस्तरीय द्विदिवसीय संतमत सत्संग का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।
सत्संग में उत्तराखंड स्थित महर्षि मेहीं ब्रह्म विद्यापीठ, हरिद्वार से पधार रहे परम पूज्य स्वामी व्यासानंद जी महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को संतमत का संदेश देते हुए प्रवचन दिया जाएगा। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार, सत्संग के दौरान प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से तथा अपराह्न 2 बजे से भजन-कीर्तन, स्तुति, ग्रंथपाठ, प्रवचन एवं आरती का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है, साथ ही बैठने, ध्वनि व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस संतमत सत्संग को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है, वहीं आयोजन से सामाजिक समरसता एवं आध्यात्मिक चेतना को भी बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें