शंकरपुर के बैहरारी में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन उमड़ा श्रद्धा का सागर

 श्रीमद्भागवत कथा के 5 वें दिन उद्घाटन करते मिडिया बंधु 



कोशी तक/ शंकरपुर मधेपुरा:- शंकरपुर प्रखंड अंतर्गत बैहरारी गांव में आयोजित सार्वजनिक साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन कथा का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन कोशी तक के मीडिया प्रभारी सिंहेश्वर के डॉ. ईश्वर चंद्र भगत, मधेपुरा लाइव न्यूज़ के अमित कुमार, प्रभात खबर शंकरपुर के निरंजन कुमार, दैनिक भास्कर शंकरपुर के मुकेश कुमार, पतंजलि जिला युवा प्रभारी उपेन्द्र कुमार योगी, श्याम चौधरी सहित कथा आयोजकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

आयोजक समिति की ओर से कथा व्यास द्वारा सभी मीडिया प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन कर रहे उपेन्द्र कुमार योगी ने मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज को जागरूक करने, निष्पक्ष सूचना पहुंचाने और राष्ट्रहित में शांति-सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि मीडिया केवल समाचार ही नहीं देता, बल्कि समाज की परंपराओं, मान्यताओं और संस्कृति की रक्षा भी करता है।

श्रीकृष्ण की लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन

कथा व्यास विनोद पटेरिया महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा एवं कंस वध के प्रसंगों का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया।

उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पश्चात अत्याचारी कंस ने उन्हें मारने के लिए राक्षसी पूतना को भेजा। पूतना ने वेश बदलकर बालकृष्ण को विषपान कराने का प्रयास किया, किंतु भगवान ने उसका वध कर दिया।

गोवर्धन पूजा प्रसंग में उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करने का संदेश दिया। इससे क्रोधित होकर इंद्रदेव ने मूसलाधार वर्षा कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की। सात दिनों तक पर्वत धारण करने के पश्चात इंद्र का अहंकार शांत हुआ और वर्षा बंद हुई।

कथा के उपरांत भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया और पूरे क्षेत्र में श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन महाराज के जयकारे गूंज उठे।

भजन संध्या में भक्तिमय माहौल

भजन गायक राजकुमार, सहयोगी सुधीर एवं प्रशांत नायक ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर बेचन चौधरी, सुकराती सरदार, गजेन्द्र यादव, वृक्ष लाल सरदार, सुमन कुमार, सुरेन्द्र सरदार, जसेन्द्र सरदार, जोगी सरदार, श्री प्रसाद चौधरी, दयानंद सरदार, आशिष, मनु सहित सभी ग्रामीणों का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है।

बैहरारी गांव में चल रहा यह सप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

Post a Comment

أحدث أقدم