श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कार्यक्रम की शुरुआत
कोशी तक /शंकरपुर मधेपुरा:- शंकरपुर प्रखंड अंतर्गत बैहरारी गांव में आयोजित सार्वजनिक सप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन बुधवार को धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज के सीनियर फिजिशियन डॉ. सजल कुमार, टेक्निशियन संजय कुमार, रविंद्र कुमार, पतंजलि जिला युवा प्रभारी उपेंद्र कुमार योगी सहित कथा आयोजकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. सजल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ धर्म, आस्था, संयम और संस्कारों का संदेश देता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम बताया।
कथा के चौथे दिन कथा व्यास पं. विनोद पटेरिया महाराज जी ने ध्रुव चरित्र पर आधारित कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार ध्रुव के साथ उनके पिता द्वारा सौतेला व्यवहार किया गया, जिससे उनके बाल मन में वैराग्य उत्पन्न हुआ और वे तपस्या के लिए वन चले गए। कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान ने उन्हें वरदान मांगने को कहा, तब ध्रुव ने राजा के सिंहासन से भी ऊंचा स्थान मांगा, जिसे भगवान ने प्रदान किया। इसके बाद महाराज जी ने कंस के अत्याचार और श्रीकृष्ण जन्म की कथा का भी भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
मंच संचालन कर रहे पतंजलि जिला युवा प्रभारी उपेंद्र कुमार योगी ने कहा कि जीवन में सही मार्ग पर चलने के लिए संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति का होना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से माता-पिता और गुरुजनों की बातों का पालन करने की अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में वृक्ष लाल सरदार, श्री प्रसाद चौधरी, गजेंद्र यादव, वेचन चौधरी, सुकराती सरदार, जोगी सरदार, सुरेन सरदार, दयानंद सरदार सहित अन्य ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।
एक टिप्पणी भेजें