कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर प्रखंड में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सिरसिया चौक के पास एनएच-106 को जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
मृतक की पहचान सिरसिया वार्ड नंबर 2 निवासी संजय मंडल के 12 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में की गई है। अमित प्राथमिक विद्यालय सिरसिया में कक्षा 6 का छात्र था। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे मध्यान्ह भोजन की छुट्टी के बाद वह स्कूल से भोजन के लिए घर लौट रहा था। इसी दौरान सिंहेश्वर से पिपरा की ओर तेज रफ्तार से जा रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उसे जोरदार ठोकर मार दी।
हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-106 को सिरसिया में जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने लोगों को समझाया और पीड़ित परिवार को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक बालक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा अज्ञात वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


إرسال تعليق