प्रोजेक्ट आधारित लर्निंग पर उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित

 पीबीएल कार्यक्रम के लिए कार्यशाला का आयोजन 


कोशी तक/उदाकिशुनगंज:- पाठ्य-पुस्तक आधारित प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) कार्यक्रम के अंतर्गत दीक्षा ऐप पर संचालित माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (MIP), माह जनवरी–2026 के सफल क्रियान्वयन तथा शत-प्रतिशत विद्यालयों में इसके पूर्ण कार्यान्वयन हेतु उदाकिशुनगंज स्थित मध्य विद्यालय (बालक) में एक उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम प्रत्येक माह कक्षा 6 से 8 तक के गणित एवं विज्ञान विषयों के पाठों को प्रोजेक्ट के माध्यम से विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। कार्यशाला में विद्यालय के नामित गणित एवं विज्ञान शिक्षकों तथा प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्यों के साथ विमर्श आयोजित किया गया, जिसमें इस माह की गतिविधियों एवं उनकी कार्य नीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

गणित एवं विज्ञान की कक्षाओं को सरल, रोचक, ज्ञानवर्धक एवं बाल-केंद्रित बनाने हेतु पीबीएल का संचालन विद्यालय स्तर पर सफलतापूर्वक किया जा रहा है। परिणामस्वरूप उदाकिशुनगंज प्रखंड जिला स्तर पर निरंतर प्रथम स्थान बनाए हुए है। इस अवसर पर डीपीओ (सर्व शिक्षा एवं लेखा योजना) मधेपुरा श्री अभिषेक कुमार एवं बीईओ उदाकिशुनगंज श्रीमती निर्मला कुमारी ने कार्यशाला के सफल आयोजन तथा पीबीएल–एमआईपी में उदाकिशुनगंज के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यशाला में प्रखंड तकनीकी टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया, मंजर आलम, वंदना कुमारी, अनिकेत रंजन, मध्य विद्यालय (बालक) उदाकिशुनगंज के प्रधानाध्यापक संजय प्रताप, शिक्षक अविनाश कुमार, आफताब आलम, परवेज मुशर्रफ एवं अन्य शिक्षक गण उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم