कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- मंदिर सौंदर्यीकरण को लेकर दिनेश यादव के सिनेमा हॉल के समीप पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण एवं मंदिर परिसर के सौंदर्यकरण को लेकर शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि इससे पूर्व मंदिर न्यास की ओर से अस्थायी दुकानदारों को दुकान खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया, जबकि कई दुकानदारों द्वारा अब तक दुकानें नहीं हटाई गई थीं। इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू की।
यह अभियान अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान मंदिर न्यास के व्यवस्थापक भावेश कुमार तथा न्यास समिति के सदस्य विजय सिंह एवं रोशन ठाकुर भी मौजूद रहे।
अतिक्रमण हटाने के बाद बिखरा हुआ समान
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से करीब 10 अस्थायी दुकानों को तोड़कर स्थल को पूरी तरह खाली कराया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह भूमि पर्यटन विभाग की योजना के तहत मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए चिन्हित है, जहां भविष्य में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंदिर न्यास की ओर से बताया गया कि प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण से मंदिर क्षेत्र में सुव्यवस्था आएगी और पूरे मंदिर परिसर का सौंदर्यकरण किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। न्यास ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी यदि कहीं अतिक्रमण पाया गया तो चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक कर्मी तैनात रहे। अतिक्रमण हटने के बाद क्षेत्र में निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें