मधेपुरा: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस जवान व सेवानिवृत्त होमगार्ड समेत कई घायल,

 

दोनों पक्षों में जमकर हुई मारपीट



कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटोरी रामपुर वार्ड संख्या 11 में शनिवार को मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना में बिहार पुलिस का एक जवान, एक सेवानिवृत्त होमगार्ड सहित दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं।

रामपुर वार्ड निवासी बिहार पुलिस के जवान सर्वोत्तम कुमार ने बताया कि उनके भाई विजय राजभर सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष का राहुल कुमार ट्रैक्टर लेकर आया और उनके दरवाजे पर लगी बांस की बाउंड्री को नुकसान पहुंचाने लगा। विरोध करने पर राहुल कुमार और उसके साथ आए लोगों ने मारपीट शुरू कर दी।

सर्वोत्तम कुमार के अनुसार, जब वे अपने भाई को बचाने पहुंचे तो उन्हें जबरन घर के अंदर खींचकर पीटा गया, जिससे उनका सिर फूट गया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता, सेवानिवृत्त होमगार्ड नारायण मंडल पर भी हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि राहुल कुमार ट्रैक्टर से रास्ते से गुजर रहा था, तभी ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा विजय राजभर के दरवाजे के सामने रखी बांस की बाउंड्री से हल्का छू गया। इसी बात को लेकर विजय राजभर व उनके साथ मौजूद 15–16 लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ भी मारपीट की।

दूसरे पक्ष की ओर से बताया गया कि इस घटना में नारद मंडल, सुजाता देवी, सरिता देवी, नागेंद्र मंडल समेत दो महिलाएं और चार पुरुष घायल हुए हैं।

इसी मामले में पीड़िता सुजाता कुमारी (28) ने सिंहेश्वर थाना में दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी की शाम करीब 3:40 बजे उनके देवर राहुल कुमार ट्रैक्टर को गाड़ी बैंक पर लगा रहे थे, तभी विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद विजय राजभर सहित दर्जनभर लोग लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और पिस्टल लेकर पहुंचे, घर में घुसकर मारपीट की और साड़ी खींचकर निर्वस्त्र करने का प्रयास किया।

पीड़िता ने घर से नकद, जेवर व अन्य सामान मिलाकर करीब चार लाख रुपये की लूट का भी आरोप लगाया है। विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है।

घायलों को सिंहेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नागेंद्र मंडल की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया।

दोनों पक्षों की ओर से सिंहेश्वर थाना में आवेदन दिया गया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

और नया पुराने