पोखर में मिला अज्ञात शव जिसकी पहचान नही हुई
शव के पास मिला अल्प्राजोलम .5 दवा का पत्ता
कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड नंबर 10 में निर्माणाधीन नए पंचायत भवन के समीप स्थित पोखर में एक अज्ञात युवक का शव देखा गया। पोखर में शव दिखते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना मुरलीगंज थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकलवाया। पुलिस द्वारा शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। इस बाबत थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिसकी सुचना आसपास के थानों को भी दी गई है। पुलिस के अनुसार मृतक के जेब से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की गोलियां बरामद की गई हैं। कुल 15 टैबलेट के दो पत्ते में से पांच टैबलेट निकली हुई पाई गई हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने एक साथ पांच गोलियां खाई हों। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह जांच का विषय है कि युवक की मौत गोलियां खाने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसके बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि पोखर में पानी बहुत कम है डूबने से मौत होने की संभावना नहीं है। ऐसा प्रतीत होता है कि युवक का हत्या कर पोखर में फेंक दिया गया हो। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हर चाय और नास्ते की दुकान पर घटना की चर्चा करते दिख रहें हैं।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें