भतखोरा बाजार में कौमी एकता व शांति समिति की ऐतिहासिक बैठक, नशामुक्त समाज के लिए कमेटी गठन का निर्णय

 

भतखोरा बाजार में शांति समिति की बैठक करते ग्रामीण 


कोशी तक/ मुरलीगंज मधेपुरा:- मुरलीगंज प्रखंड के भतखोरा बाजार स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में कौमी एकता व शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस ऐतिहासिक बैठक में स्थानीय बुद्धिजीवी, ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी देखने को मिली।

बैठक को संबोधित करते हुए दिशा पब्लिक स्कूल भतखोरा बाजार के निदेशक गुंजन कुमार ने कहा कि “आज का युवा देश का भविष्य है, लेकिन नशा इस भविष्य को अंधकार की ओर ले जा रहा है। अगर समय रहते समाज और अभिभावक सजग नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ी बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएगी। स्कूल, परिवार और समाज—तीनों को मिलकर बच्चों को नशे से दूर रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी।”

वहीं पूर्व सरपंच मोहम्मद सत्तार ने नशे को सामाजिक और मजहबी सौहार्द के लिए खतरा बताते हुए कहा, “नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, पूरे समाज को खोखला करता है। इसके कारण अपराध बढ़ रहा है और आपसी भाईचारा भी प्रभावित हो रहा है। कौमी एकता तभी मजबूत रहेगी जब हमारा समाज नशामुक्त होगा। यह कमेटी समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगी।”

समाजसेवी प्रमोद प्रभाकर ने युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “आज कई युवा गलत संगत और सूखे नशे के कारण अपराध की दुनिया में फंसते जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य किसी को सजा देना नहीं, बल्कि उसे सही रास्ते पर लाना है। पहले सामाजिक स्तर पर समझाया जाएगा, जरूरत पड़ी तो प्रशासन की मदद ली जाएगी।”

वहीं पवन यादव, मुखिया प्रतिनिधि (बुधमा) ने इस पहल को पंचायत स्तर तक ले जाने की बात कही। उन्होंने कहा, “नशे के खिलाफ यह लड़ाई सिर्फ भतखोरा बाजार तक सीमित नहीं रहेगी। पंचायत स्तर पर भी निगरानी कमेटी बनाई जाएगी और हर टोले-मोहल्ले में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस मुहिम में पूरी तरह साथ हैं।”

बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं में तेजी से फैल रहे नशे, विशेषकर सूखे नशे, पर गंभीर चिंता व्यक्त करना तथा इसके कारण बढ़ रहे अपराध और सामाजिक-मजहबी उन्माद को रोकने के लिए ठोस कदम उठाना रहा। उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि युवाओं को नशे से दूर रखने और इसके दुष्प्रभावों को कम करने के लिए संगठित प्रयास किए जाएंगे।

साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भतखोरा बाजार एवं इसके अंतर्गत आने वाले सभी गांव, टोले और मोहल्लों में एक निगरानी कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी में स्थानीय बुद्धिजीवी एवं जिम्मेदार नागरिक शामिल होंगे, जिनका कार्य नशे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं पर नजर रखना होगा। पहले चरण में ऐसे मामलों का समाधान सामाजिक स्तर पर किया जाएगा और यदि स्थिति नियंत्रण से बाहर होती है, तो पुलिस प्रशासन को सूचित किया जाएगा।

इस निर्णय को लेकर स्थानीय दुकानदारों, बुद्धिजीवी वर्ग और आम लोगों में खासा उत्साह देखा गया। सभी ने बैठक की सराहना करते हुए इस ऐतिहासिक निर्णय को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।

बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग रहे: गुंजन कुमार (निदेशक, दिशा पब्लिक स्कूल, भतखोरा बाजार), पूर्व सरपंच मो. सत्तार, प्रमोद प्रभाकर, रमेश कुमार शर्मा, गोसाई ठाकुर, प्रखंड प्रमुख अब्दुल जब्बार, सरपंच प्रतिनिधि मो. अरशद, शंभू सिंह, जीवछ मंडल, सुधीर सिंह, संतोष शाह,भुवनेश्वरी महतो, विकास कुमार सिंह, राजेश्वर प्रसाद यादव, पवन यादव (मुखिया प्रतिनिधि, बुधमा), दयानंद यादव (मुखिया, बेलो) सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय दुकानदार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मुरलीगंज से अंशु भगत 

Post a Comment

और नया पुराने