मरीज की मौत पर बेकाबू भीड़ ने डॉक्टरों को पीटा, मेडिकल कॉलेज में तांडव — अधीक्षक ने दर्ज कराया केस, डॉक्टरों पर हमला, सीसीटीवी से खुलेगी साजिश

 मेडिकल कालेज में हुई उपद्रव पर मामला दर्ज 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- जननायक कर्पूरी ठाकुर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, मधेपुरा में मरीज की मौत के बाद अस्पताल को रणक्षेत्र बना दिया गया। आक्रोशित परिजनों और उनके सहयोगियों ने इलाज में तैनात चिकित्सकों पर हमला बोल दिया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डा. नगीना प्रसाद चौधरी ने सिंहेश्वर थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध सख़्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अधीक्षक द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 22 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे आपातकालीन विभाग में भर्ती मरीज सुनील यादव (35 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 06, ग्राम हरिपुरकला, प्रखंड मुरलीगंज, जिला मधेपुरा की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजन आपा खो बैठे और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।

हमले में उपाधीक्षक डॉ. अंजनी कुमार सहित डॉ. दीपक कुमार, डॉ. सुमन जयसवाल एवं डॉ. आनंद गुप्ता को निशाना बनाया गया। इस शर्मनाक घटना से न केवल चिकित्सकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए, बल्कि आपातकालीन विभाग में भर्ती अन्य मरीजों का इलाज भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।

अधीक्षक डा. चौधरी ने स्पष्ट किया है कि यह हमला सरकारी कार्य में सीधा बाधा है और पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है, जिससे दोषियों की पहचान आसानी से की जा सकती है।

वहीं सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अधीक्षक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

अस्पताल प्रशासन ने मृतक के परिजनों एवं उनके सहयोगियों के खिलाफ अस्पताल सुरक्षा अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में डॉक्टरों पर हमले जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

और नया पुराने