हथियार के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा अपराधी
कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्ती के दौरान अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक के पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं मौके से दो अन्य युवक भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अवर निरीक्षक दयाराम यादव ने बताया कि 12 जनवरी की रात गश्ती के दौरान थानाध्यक्ष से सूचना मिली कि सिरसिया गांव से बाहर मौरा जाने वाली पक्की सड़क पर कुछ संदिग्ध युवक देखे गए हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस बल के साथ सिरसिया दुर्गा मंदिर के पास पहुंची।
सुबह करीब चार बजे सिरसिया गांव से आगे मौरा रोड किनारे एक मोटरसाइकिल के साथ तीन युवक खड़े दिखे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि दो युवक फरार हो गए।
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ। कट्टा खोलने पर एक जिंदा कारतूस मिला, जिस पर 8 एमएम केएफ अंकित था। इसके अलावा वीवो कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल तथा काले-लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल जिसका निबंधन संख्या बीआर 50 एबी 0346 जब्त की गई।
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम बिजेंद्र कुमार, पिता सुधीर यादव, साकिन सखुआ वार्ड नंबर 4, थाना पिपरा, जिला सुपौल बताया। वहीं फरार युवकों की पहचान दीपक कुमार, पिता ब्रज किशोर साह, साकिन सखुआ वार्ड नंबर 7, थाना पिपरा, जिला सुपौल तथा चंदन कुमार, पिता जयकृष्ण यादव, साकिन तरैया टोला कमरगामा वार्ड नंबर 6, थाना सिंहेश्वर, जिला मधेपुरा के रूप में की गई है।
पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस, मोबाइल और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। युवक को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एक टिप्पणी भेजें