विकास को लेकर सियासी राजनीतिक विवाद शुरू
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर में एक बार फिर विकास कार्यों को लेकर सियासत और विरोध की स्थिति बनती दिख रही है। सिंहेश्वर न्यास कार्यालय के सामने, सिनेमा हॉल के पास पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण का कुछ तथाकथित दुकानदारों द्वारा विरोध किया जा रहा है।
रविवार को पूर्व विधायक चंद्रहास चौपाल दुकानदारों के समर्थन में स्थल पर पहुंचे और जिला प्रशासन से दुकानदारों को एक माह का समय देने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि जिन दुकानदारों की वर्तमान में दुकानें हैं, उन्हें ही नए कॉम्प्लेक्स में दुकान दी जानी चाहिए।
सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक भवेश कुमार
वहीं इस पूरे मामले पर सिंहेश्वर न्यास समिति के प्रबंधक भवेश कुमार ने स्पष्ट किया कि सिंहेश्वर के समग्र विकास के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की गई है, जिसमें किसी भी प्रकार की देरी विकास की गति को बाधित कर सकती है। दुकानदारों के विरोध पर उन्होंने कहा कि न्यास के अंतर्गत सभी दुकानदार रजिस्टर्ड हैं और मार्केट कॉम्प्लेक्स बनने के बाद प्राथमिकता के आधार पर उन्हीं को दुकानें आवंटित की जाएंगी।
भाड़ा बढ़ने की आशंका को लेकर उन्होंने कहा कि वर्तमान में दुकानदार कच्ची दुकानों में व्यवसाय कर रहे हैं, जहां चोरी जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। पक्की दुकानों के निर्माण के बाद शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उस स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित सरकारी दर के अनुसार ही भाड़ा लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध कर रहे कुछ दुकानदार वर्तमान में 100 वर्ग फीट का शुल्क देकर 200 वर्ग फीट क्षेत्र पर अवैध कब्जा किए हुए हैं, इसलिए उन्हें आपत्ति हो रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सिंहेश्वर का विकास नहीं होना चाहिए? यदि सभी लोग मिलकर विकास में सहयोग करें तो इससे सभी का भला होगा और एक नया व भव्य सिंहेश्वर सामने आएगा।
إرسال تعليق