ईंट लदे ट्रैक्टर का एक्सल टूटने से दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार

 दुर्घटना के बाद स्थल पर ट्रेक्टर का पलटा हुआ ट्रेलर 



कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरव पुर पुल के पास शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गुदर ऋषिदेव, पिता पृथ्वी ऋषिदेव, निवासी जजहट सवैला वार्ड नंबर 10 के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार दिन करीब 11 बजे ईंट लदा एक ट्रैक्टर भैरव पुर पुल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का एक्सल टूट गया, जिससे उसका चक्का निकलकर पीछे से आ रही बाइक पर गिर पड़ा। चक्के की चपेट में आने से बाइक सवार गुदर ऋषिदेव के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिंहेश्वर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया।

इस संबंध में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल ट्रैक्टर और बाइक दोनों को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

Post a Comment

أحدث أقدم