
स्व. नवल किशोर सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- स्व. नवल किशोर सिंह मेमोरियल जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत खेले गए लीग मुकाबले में मोतीहारी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मधुबनी मास्टर्स स्पोर्ट्स क्लब, पूर्णिया को 39 रनों से पराजित किया। यह रोमांचक मुकाबला मवेशी हाट मैदान, सिंहेश्वर में खेला गया।
मैच से पूर्व टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन स्वर्गीय नवल किशोर सिंह के पौत्र कन्हैया राज द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर चंद्रहास चौपाल (पूर्व विधायक, सिंहेश्वर), किशोर कुमार पप्पू (राजद प्रखंड अध्यक्ष, सिंहेश्वर), पूनम देवी (नगर पंचायत अध्यक्ष, सिंहेश्वर), कोमल कुमारी (अध्यक्ष, नया सवेरा फाउंडेशन), राजेश कुमार राजू (आर.आर. ग्रीन फील्ड इंटरनेशनल स्कूल), बिरेंद्र कुमार यादव (सरपंच, रामपट्टी पंचायत), रूपेश कुमार रूपक (डायरेक्टर, किड्स वर्ल्ड स्कूल), सोनू गुप्ता, मनोज कुमार राणा (वार्ड सदस्य प्रतिनिधि), युवा संघ अध्यक्ष पंकज भगत, रोहित सिंह, सुनील यादव, मुकेश यादव, लाला, सागर, सत्यम भारद्वाज, महबूब हसन एवं लव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मोतीहारी की टीम ने 16 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए। प्रभात कुमार गुप्ता ने मात्र 14 गेंदों पर 38 रन की तूफानी नाबाद पारी खेलकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं अभिषेक कुमार राय ने 31 रन और राजा बाबू ने 29 रनों का अहम योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मधुबनी मास्टर्स स्पोर्ट्स क्लब की टीम 16 ओवर में 9 विकेट पर 122 रन ही बना सकी। रितेश यादव ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज मोतीहारी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। मोहम्मद अजाज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में दोनों भाई आयोजक सोनू सिंह एवं रोशन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब के सभी खिलाड़ी भी आयोजन स्थल पर मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया।
एक टिप्पणी भेजें