कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- रविवार की शाम करीब 4:30 बजे सिंहेश्वर-पीपरा मुख्य मार्ग एनएच-106 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बुढ़ावे पुल के समीप पीपरा की ओर जा रही आनंद विहार नामक बस नंबर बीआर 11 पीसी 9725 ने साइकिल सवार 60 वर्षीय राधे साह को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बस साइकिल सवार राधे साह को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। इसके बाद सड़क किनारे जाकर बस लटक गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान बाल-बाल बची।
कबीर अंत्येष्टि की राशि देते मुखिया, सीओ, थानाध्यक्ष
भीड से चालक को लेकर जाते पुलिस पदाधिकारी
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राधे साह को सीएचसी सिंहेश्वर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी।
शव को रख कर एनएच 106 को किया जाम
वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि बस चालक नशे की हालत में था। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर बंधक बना लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन से मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही एसआई सुड्डू कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को भीड़ से बचाकर पुलिस हिरासत में ले लिया। बाद में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और सीओ नवीन कुमार सिंह भी पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वही मुखिया विजय कुमार सिंह ने पीड़ित परिजन को कबीर अंत्येष्टि का 3 हजार रुपए दिया।


एक टिप्पणी भेजें