कोशी तक/मधेपुरा:- बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के प्रथम चरण के तहत मधेपुरा जिले के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज समाहरणालय, मधेपुरा के न्यू एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। जिसमें पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह एवं जिले के सभी मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मधेपुरा जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 37 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 33 पुरुष एवं 4 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। जिले में कुल 13,61,945 मतदाता हैं। जिसमें 7,11,939 पुरुष, 6,49,973 महिला एवं 33 अन्य। जिले में 1594 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1592 मूल एवं 2 सहायक केंद्र शामिल हैं।
सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान।
डीएम श्री सिंह ने बताया 06 नवम्बर 2025 को सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 14 नवम्बर 2025 को निर्धारित है। मतदान दलों का डिस्पैच कार्य पूर्ण रूप से तैयार है। आलमनगर एवं बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए टी.पी. कॉलेज, जबकि सिंहेश्वर एवं मधेपुरा विधानसभा क्षेत्र के लिए बीएन. मंडल विश्वविद्यालय (नॉर्थ कैंपस) को केंद्र बनाया गया है।
मतदान केंद्रों पर वेब-कास्टिंग, वालंटियर-1 एवं वालंटियर-2 की प्रतिनियुक्ति की गई है। वालंटियर-1 पर्दा-नसीन मतदाताओं की पहचान में सहायता करेंगे, जबकि वालंटियर-2 मोबाइल संग्रहण का कार्य संभालेंगे।
निर्वाचन से जुड़ी सूचना, सुझाव या शिकायत हेतु जिला वोटर हेल्पलाइन 1950 स्थापित की गई है। साथ ही, सीवीजीएल ऐप के माध्यम से आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित शिकायतों का 100 मिनट के भीतर निस्तारण किया जा रहा है।
डीएम श्री सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन पूर्णतः तैयार है। हमारा लक्ष्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाना है।

إرسال تعليق