कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा:- सतोखर वार्ड नंबर 8 में सोमवार को लकड़ी के एक टुकड़े को लेकर दो दियादों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में दीपक तिवारी 35 और उनकी 55 वर्षीय मां रीता तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहेश्वर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर घायलों को सुरक्षित कराया। बाद में टीम ने पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पड़ोसी दियाद रमेश तिवारी, नीरज तिवारी और घर की एक महिला ने अचानक हमला कर दिया। मारपीट में दीपक तिवारी की नाक कट गई, जबकि उनकी मां के सिर पर गहरी चोट आई। बताया गया कि दीपक तिवारी ने अपने हिस्से की लकड़ी सिकन्दर यादव को बेच दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रमेश तिवारी और नीरज तिवारी को हिरासत में ले लिया है। उधर, आरोपी पक्ष के रमेश तिवारी ने भी आरोप लगाया कि विवादित लकड़ी दोनों दियादों की थी और उसमें उनका भी आधा हिस्सा था, जिसे वे काट रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष द्वारा उनके साथ भी मारपीट की गई।


إرسال تعليق