कोशी तक/मुरलीगंज मधेपुरा:- शहर के गोलबाजार स्थित श्रीराम मंदिर ठाकुरबाड़ी परिसर से रविवार को गणपति बप्पा की विशाल प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विसर्जन के अवसर पर भक्तिमय माहौल में डूब गया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा शहर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा। शोभायात्रा एवं प्रतिमा श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर से निकलकर गोलबाजार, हरिद्वार चौक, काशीपुर, मस्जिद चौक, गौशाला चौक, दुर्गा चौक, मिडिल चौक और हाट बाजार से होते हुए मीरगंज चौक पहुंची। इसके बाद बलुआहा नदी तट पर बप्पा की प्रतिमा को नम आंखों से विदाई दी गई।शोभायात्रा में शामिल ढोल नगाड़े के साथ श्रद्धालु
शोभायात्रा में शामिल हुआ आकर्षक झांकी।
शोभायात्रा में त्रिकाल झांकी दल ने भक्तों का मन मोह लिया। भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, बजरंगबली और दैत्य-भूत की जीवंत झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। खासकर विशाल बसहा वरद पर सवार शिव-पार्वती की झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप पर पूरा शहर थिरकता दिखा और श्रद्धालु उत्साह से जयघोष करते रहे।
सुरक्षा व्यवस्था रही दुरूस्त।
शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुरी तैयारी की गई। थानाध्यक्ष अजीत कुमार खुद पुलिस बल के साथ शोभायात्रा में मौजूद रहे। शोमा यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से देर शाम तक जारी रही। जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। गणेश महोत्सव पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि यह 22 वां गणेश महोत्सव था। जो लगातार पांच दिनों तक चला। हर दिन भजन, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। चौथे दिन की संध्या आरती में दर्जनों महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं अंतिम दिन भव्य शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन हुआ। समिति के सदस्यो ने बताया कि यह आयोजन शहर की एक ऐतिहासिक परंपरा बन चुका है। जिसमें हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। भक्तों ने विश्वास जताया कि गणपति बप्पा अगले वर्ष फिर नए उत्साह और उमंग के साथ विराजेंगे।
मुरलीगंज से अंशु भगत
एक टिप्पणी भेजें