कोशी तक/ सिंहेश्वर मधेपुरा
सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुर सरोपट्टी में अज्ञात बाइक की ठोकर से एक 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान अररिया जिले के भरगामा वार्ड नंबर 11 निवासी पंकज राम का पुत्र अंकित कुमार रूप में हुई। इस बाबत 5 वर्षीय बच्चा अंकित कुमार के नाना लालपुर सरोपट्टी वार्ड नंबर 7 निवासी माधुरी राम ने बताया कि उसका नाती अपनी मां रीता देवी के साथ मंगलवार को ही अररिया के भरगामा से घर आया था। बुधवार को शाम लगभग साढ़े छह बजे बच्चा सड़क के पास खेल रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने उसे ठोकर मार दिया। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक बाइक सवार भागने में सफल रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा बच्चे को सीएचसी सिंहेश्वर में इलाज के लिए लाया गया। जहां चिकित्सक डा. सदफ हयात के द्वारा बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिजन ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं थानाध्यक्ष बिरेंद्र राम ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है कार्रवाई की जा रही है।
إرسال تعليق