कोशीतक/सिंहेश्वर मधेपुरा
थाना क्षेत्र के बैरबन्ना मुख्य सड़क पर स्कॉर्पियो की चपेट में आने से जख्मी सात वर्षीय बच्चा की मौत हो गई। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से बच्चा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने बच्चा को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने मुख्य सड़क को लगभग दो घंटा जाम कर दिया। और उचित कानूनी कार्रवाई व मुआवजा की मांग करने लगे। जिसके बाद स्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष बिरेंद्र राम, एसआई केडी यादव, रामदयाल सिंह सहित स्थानीय बुद्धिजीवियों के द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझा कर जाम समाप्त करवाया। जानकारी अनुसार एनएच 106 पर बैरबन्ना के समीप एक बच्चा सड़क किनारे खेल रहा था। इस बीच सिंहेश्वर की ओर तेज गति से जा रहे स्कॉर्पियो चालक एक हाइवा को ओवर टेक कर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान सड़क किनारे खेल रहे अभिषेक कुमार स्कॉर्पियो की चपेट में आ गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाई बहन में सबसे बड़ा था। घटना के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष बिरेंद्र राम ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. तत्काल घटना स्थल पर पुलिस बल को भेजा गया है. जहां शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया जायेगा।