सदर अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज।
कोशीतक/ सिंहेश्वर मधेपुरा
मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर चौक के पास एनएच 107 पर रविवार की रात एक ओटो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें से एक व्यक्ति की जेएनकेटी मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ओटो सवार अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई है। सभी घायलों का मधेपुरा के सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया कि रविवार की रात लगभग साढ़े 9 बजे मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पड़वा नवटोल पंचायत के विशनपुर गांव से एक ओटो पर आठ लोग सवार होकर भगैत सम्मेलन में भाग लेने सहरसा जिले के कांप गोलमा जा रहे थे।
एक जख्मी को जेएनकेटी किया गया रेफर
भगैत सम्मेलन में जाने के दौरान मानिकपुर चौक के समीप एनएच 107 पर ओटो पलट गई। इस दुर्घटना में विशनपुर निवासी नित्यानंद रजक 75 वर्ष, पवन रजक 35 वर्ष और रघुनंदन यादव 45 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां रघुनंदन यादव की गंभीर स्थिति को देख उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य कपिल देव पासवान भी सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना। उन्होंने बताया कि ओटो पर सवार शालो यादव, शंभू यादव, संजय यादव, जीतन यादव को भी हल्की चोटें आई है। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पवन रजक को कमर में चोट आई है। उसे नीजी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दिया गया है।