जदयू सांसद दिनेश चंद्र यादव ने भरा पर्चा।

 

सांसद ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सभा को संबोधित किया 


कोशीतक/ सिंहेश्वर मधेपुरा


एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी दिनेश चंद्र यादव ने सोमवार को मधेपुरा संसदीय क्षेत्र से समाहरणालय मधेपुरा में नामांकन पत्र दाखिल किया। सांसद श्री यादव अपने प्रस्तावकों के साथ सुबह लगभग साढ़े 11 बजे समाहरणालय पहुंचे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के पास तीन सेट में अपना नामांकन-पत्र दाखिल करने के बाद दोपहर लगभग डेढ़ बजे समाहरणालय से बाहर निकले। गेट के बाहर समर्थकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। नामांकन के बाद रासबिहारी हाई स्कूल मैदान पर सभा का आयोजन किया गया। जिसमें बिहार सरकार के उर्जा मंत्री बिजेंद्र नारायण यादव, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, पूर्व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद, महेश्वर हजारी, पूर्व मंत्री रत्नेश सादा समेत अन्य वरीय नेता शामिल हुए। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि बिहार में 237 किलोमीटर क्षेत्र में फैले कोसी नदी पर जगह-जगह पर पुल बन रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस क्षेत्र में और अधिक विकास होगा। 2023 के नीति आयोग के रिपोर्ट के मुताबिक बिहार का सात जिला पिछड़ा हुआ है। जिसमें सभी सात जिला कोसी और सीमांचल का है। इसमें पहले स्थान पर अररिया, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार और किशनगंज है। इन पिछड़े जिलों को विकसित बनाने के लिए आगे और काम करना होगा। यातायात की सुविधा होने से किसानों की आमदनी बढ़ी है। इससे रोजगार पैदा होती है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और गति देने के लिए एनडीए के पक्ष में वोट करें। पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि भले ही उनका कर्मभूमि कटिहार रहा है। लेकिन उनका जन्मभूमि कोसी इलाके के सलखुआ में है। वे कोसी क्षेत्र के लोगों के दर्द को अच्छी तरह समझते हैं। 2005 से पहले और अभी के बिहार में आसमान-धरती अंतर है। यह परिवर्तन एनडीए सरकार के काम के बदौलत हुआ है। गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछ गया है। उन्होंने कहा कि इस बार एनडीए गठबंधन 400 का आंकड़ा को पार करेगी। विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र यादव ने एनडीए गठबंधन के एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में विकास का काम हो रहा है। आमलोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है। वहीं एनडीए प्रत्याशी दिनेशचंद्र यादव ने कहा कि पिछले पांच साल में मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र में काफी विकास का काम हुआ है। उनके कार्यकाल में कई जगह पर आरओबी की स्वीकृति मिली और निर्माण शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कहीं-कहीं क्षेत्र में नहीं आने की शिकायत मिलती है। लोगों में किसी तरह की नाराजगी नहीं है। इस बार एनडीए गठबंधन बिहार में 40 और देश में 400 अधिक सीट जीतेगी। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष रमेश ऋषिदेव ने किया। मंत्री महेश्वर हजारी, पूर्व मंत्री व सहरसा विधायक आलोक रंजन, पूर्व मंत्री रत्नेश सादा, विधायक निरंजन मेहता, समाजसेवी भूपेंद्र नारायण मधेपुरी समेत अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।

Post a Comment

أحدث أقدم