कोशी तक / सिंहेश्वर मधेपुरा
मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भैरोपट्टी रामसिंह टोला में रेलवे ट्रैक पर गुरुवार की रात मालगाड़ी से कट कर एक महिला और एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका की पहचान जीतापुर पंचायत के वार्ड नंबर 2 रामसिंह टोला निवासी प्रमोद कुमार की पत्नी 30 वर्षिय संजू देवी व उनकी 8 वर्षिय बेटी सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई। ग्रामीणों की माने तो दिन में ही पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। और पति ने पत्नी के मोबाइल का सिम तोड़कर फेंक दिया था। पति के घर से बाहर निकल जाने के बाद पत्नी ने बच्ची को साथ लेकर रेलवे ट्रैक पर आकर बच्ची सहित अपनी जान दे दी। मृतका के भाई सहरसा जिला के बनगांव बलहा निवासी सूरज तथा उनके चचेरे भाई अभिनंदन ने भी ग्रामीणों की बात में अपनी सहमति दी है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात मायके वालों को घटना की सूचना मिली। मृतका के भाई सूरज कुमार ने बताया कि दस वर्ष पहले संजू की शादी मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जीतापूर वार्ड नंबर 2 निवासी प्रमोद कुमार यादव से हुई थी। दोनों के बीच अच्छा गृहस्थ जीवन चल रहा था। उन दोनों को दो लड़का और एक लड़की थी। सबसे बड़ा लड़का था। मृतका सोनाक्षी मंझली इकलौती बेटी थी। सबसे छोटा लड़का करीब पांच वर्ष का है। वहीं मृतका संजू के पति प्रमोद यादव ने झगड़े की बात से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई बात होती तो वे घर से बाहर नहीं जाते। घटना का कोई स्पष्ट कारण बताने से भी इंकार किया। मामले में मुरलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने बताया कि सूचना के बाद घटना की शाम को ही दोनों शव को थाना लाया गया और शुक्रवार को को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के द्वारा मामले में आवेदन नहीं मिला है।