जीविका कैडर संघ की प्रखंड बैठक संपन्न


10 सूत्री मांगों को लेकर बैठक करती जीविका दीदियां 

 कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा

बिहार प्रदेश जीविका कैडर संघ की प्रखंड बैठक प्रतिमा सिंह धर्मशाला सिंहेश्वर मधेपुरा में सम्पन्न हुई है। बैठक में सिंहेश्वर मधेपुरा के सैकड़ों जीविका कैडर शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता संघ की गायत्री दीदी ने की। बैठक में आगामी 17-20 दिसम्बर 2023 से चलने वाली अधिकार यात्रा पर विशेष चर्चा हुई। अधिकार यात्रा में जीविका दीदी एवं कैडर के 10 सूत्रीय मांगों के साथ-साथ अन्य ज्वलंत मुद्दों पर महामहिम को ज्ञापन सौंपा जाना है। 

17 से 20 दिसंबर तक चलने वाले अधिकार यात्रा की बैठक 

उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए संघ के जिला कोषाध्यक्ष  ने कहा कि इस बार संघ अपने अधिकारों के लिए अधिकार यात्रा की शुरुआत ज्ञान और मोक्ष की भूमि बोधगया से करेंगी। बिहार की आधी आबादी का नेतृत्व करने वाली जीविका दीदियां और जीविका कैडरों के अधिकारों की लड़ाई  बोधगया की उर्वर माटी से की जायेगी। जो प्रारम्भ में अधिकार यात्रा के तौर पर है। बाद में सरकार द्वारा जीविका दीदियों और कैडरों की मांगों को अनदेखा किए जाने के उपरांत यह आंदोलन विशाल रूप लेगी। 

जीविका” परियोजना ने महिला सशक्तिकरण की अलख जगाने के साथ साथ गांवों की तस्वीर और तक़दीर बदलने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केंद्र या राज्य सरकार द्वारा दिए गए हरेक दायित्व को पूरा करने में इनके द्वारा कोई कसर नही छोड़ी जाती है। चाहे वो सामाजिक या आर्थिक सशक्तिकरण हो या फिर वित्तीय साक्षरता, शराबबंदी, मानव श्रृंखला, मनरेगा सर्वेक्षण, वृक्षारोपण, दीदी की रसोई, नीरा उत्पादन, विद्यालय सर्वेक्षण या स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय निर्माण ही क्यों न हो। सबों में जीविका में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं  में जीविका दीदियों ने बढ चढ कर हिस्सा लिया है और इनको सफल बनाकर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। पर बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है आज “जीविका” में बड़ी संख्या में ग्रामीण गरीब महिलाओं के हितों की अनदेखी की जा रही है। वही जमीनी स्तर के कार्यकर्ता “कैडरों” को मिलने वाली पारश्रमिक इतनी कम है कि जीवनयापन की बात तो छोड़िए लोगों को अपनी मिलने वाली पारश्रमिक और मिलने के तरीके भी बताने में शर्म आती है। 

नए अधिकारी का चुनाव करती जीविका दीदियां 

संघ की मुख्य मांगों में सभी कैडरों को जीविका की ओर से नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र मिलने, मानदेय “कंट्रीब्यूशन सिस्टम” पर अविलंब रोक लगने, मानदेय 25 हजार करने, पांच साल पुराने सभी जीविका दीदियों का ऋण माफ करने एवं परियोजना में तीन साल पूरा करने वाले कैडरों के लिए स्टाफ के रूप में पदोन्नति की व्यवस्था करने के सम्बन्ध में हैं।आगामी होने वाले अधिकार यात्रा जो 17 दिसम्बर 2023 को चलकर यह अधिकार यात्रा 20 दिसम्बर 2023 को राजभवन, पटना पहुंचेगी। जहा महामहिम को ज्ञापन सौंपा जायेगा। इस बैठक में पुराने कमिटी को भंग कर नया कमिटी बनाया गया। जिसमें प्रखंड अध्यक्ष आरती कुमारी गुप्ता, प्रखंड सचिव चंदन कुमार , प्रखंड कोषाध्यक्ष गायत्री देवी, प्रखंड संयोजक बासुकी नंदन कुमार, प्रखंड उपाध्यक्ष सोनी कुमारी मिडिया प्रभारी कुंदन कुमार को बनाया गया। बैठक में प्रखंड के कई वरिष्ठ साथी अमरदीप कुमार शिवम, नीरज, संगीत, पुनम, हीरा कंचन, ममता, कल्पना, कंचन, अर्चना, गुड़िया देवी सहित सैकड़ों लोग शामिल थे।

Post a Comment

أحدث أقدم