प्रसव के बाद महिला की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, परिजनों ने किया सड़क जाम

प्रसव के बाद महिला की मौत, शव सड़क पर रख कर हंगामा 


कोशी तक/मधेपुरा:- शहर के पूर्वी बायपास स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से गुरुवार की रात हंगामा मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

मृतका की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के तिनकोनमा निवासी रविंद्र कुमार की 25 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पूजा कुमारी को 1 जुलाई को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि चिकित्सकों ने पहले सामान्य प्रसव कराने का भरोसा दिया था, लेकिन 2 जुलाई की सुबह अचानक ऑपरेशन करने की बात कही।

परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद कुछ समय तक मां और नवजात दोनों सामान्य थे, लेकिन थोड़ी देर बाद पूजा कुमारी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सहरसा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं नवजात की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज वेंटिलेटर पर चल रहा है।

मृतका के पति रविंद्र कुमार ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा अस्पताल को सील करने की मांग की है।

घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार रात करीब 8 बजे अस्पताल के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। देर रात तक जाम जारी रहने से आवागमन प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी

Post a Comment

और नया पुराने