फिरौती के लिए अपहरण मामले में दो गिरफ्तार, अपहृत युवक सकुशल बरामद

 पुलिस ने 2 अपहरण कर्ता को बाईक, मोबाइल सहित गिरफ्तार किया 


कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सिंहेश्वर थाना पुलिस ने फिरौती के लिए अपहरण किए गए एक युवक को सकुशल बरामद करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन अन्य आरोपित फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 की शाम करीब 5:40 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे चार दिनों से बंधक बनाकर रखा गया है। फिरौती नहीं देने पर आरोपितों द्वारा जमीन लिखवाने के लिए स्टाम्प पेपर के साथ उसे ग्राम झिटकिया लाया गया था।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मधेपुरा के निर्देश पर सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई रौशन कुमार, प्रशिक्षु एसआई उदय कुमार भानू, रविशंकर कुमार, रौशनी सिन्हा एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम झिटकिया में घेराबंदी कर अपहृत नीतिश कुमार (34 वर्ष), पिता स्व. उदित नारायण गोस्वामी, निवासी रानी शंकरपुरा वार्ड नंबर 02, थाना व जिला खगड़िया को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से एक अपहरणकर्ता संदीप कुमार (20 वर्ष), पिता दिनेश ठाकुर, निवासी तरैया वार्ड नंबर 06, थाना सिंहेश्वर को गिरफ्तार किया गया। वहीं तीन अन्य आरोपित मक्का के खेत का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार संदीप कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने सिंहेश्वर दुर्गा चौक के पास छापेमारी कर दूसरे अभियुक्त श्रवण ठाकुर (32 वर्ष), पिता जागेश्वर ठाकुर, निवासी तरैया वार्ड नंबर 06 को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा फरार अभियुक्त मोनू कुमार के घर पर छापेमारी के दौरान अपहृत की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल निबंधन संख्या बीआर 19 एस-7343, चार स्कीन टच मोबाइल फोन बरामद की गई।

पुलिस ने इस मामले में सिंहेश्वर थाना कांड संख्या 215/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।


Post a Comment

أحدث أقدم