पत्रकार पर जानलेवा हमला, गोली चलाने और लूटपाट का आरोप

 अपराधियों के वार से घायल पत्रकार मो. माजिद 



कोशी तक/ मधेपुरा:- भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशुआ गांव निवासी पत्रकार मो. माजिद पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल पत्रकार के पिता मोहम्मद समीम अहमद के बयान पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुट गई है।

घटना के संबंध में जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा के सर्जरी वार्ड में भर्ती घायल पत्रकार के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका पुत्र मो. माजिद (31 वर्ष), जो पेशे से पत्रकार है, गुरुवार को घर से मधेपुरा स्थित कार्यालय जाने के लिए निकला था। दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के कुर्बान मिस्त्री ने फोन कर सूचना दी कि बेल्हा घाट स्थित मूढ़ी मिल के समीप कुछ बदमाशों ने मो. माजिद पर हमला कर दिया है।

बताया गया कि अपराधियों ने पहले गोली चलाई, लेकिन गोली नहीं लगने पर पिस्टल के बट से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में सड़क पर पड़े पत्रकार को इलाज के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

“मेरे खिलाफ न्यूज क्यों चलाते हो”

घायल पत्रकार ने अपने पिता को बताया कि सिंदु कुमार यादव, सीमांत कुमार यादव, राज कुमार यादव, अजय कुमार यादव समेत 2-3 अज्ञात अपराधियों ने बाइक से घेरकर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने कहा, “तुम मेरे खिलाफ न्यूज क्यों चलाते हो, तुम्हें जान से मार देंगे।”

इसके बाद आरोपियों ने गोली चलाई। गोली नहीं लगने पर पिस्टल के बट से सिर पर वार कर दिया। हमलावरों पर घायल पत्रकार की बाइक, मोबाइल फोन तथा न्यूज से संबंधित सामान लूटकर फरार होने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

और नया पुराने