पीआरडी कर्मी राजू सरदार की सड़क हादसे में मौत, पत्नी ने मुआवजे व कार्रवाई की लगाई गुहार।

मृतक कार्यपालक सहायक राजु सरदार का फाइल फोटो 



कोशी तक/सिंहेश्वर/मधेपुरा:- सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले मनरेगा कर्मी राजू सरदार की पत्नी मनीषा कुमारी ने आदर्श थाना सिंहेश्वर में आवेदन देकर दोषी ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई एवं सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की है।

दिए गए आवेदन में मनीषा कुमारी ने बताया कि उनके पति राजू सरदार ग्राम पंचायत कमरगामा में मनरेगा योजना अंतर्गत वृक्षारोपण कार्य का सर्वेक्षण करने जा रहे थे। इसी दौरान 20 मई 2026 की शाम करीब 4:25 बजे एनएच-131 पर बड़हरी चौंक के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में राजू सरदार समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों में सतोखर निवासी सुरेन्द्र शर्मा, झिरकियाही निवासी पप्पू शर्मा तथा रितेश कुमार भी शामिल बताए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा में भर्ती कराया गया।

आवेदन के अनुसार चिकित्सकों ने राजू सरदार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए बाहर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में कमरगामा के पास उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर आदर्श थाना सिंहेश्वर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना के जिम्मेदार चालक के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Post a Comment

أحدث أقدم