सड़क जाम में सीओ के आवेदन पर कार्रवाई 3 गिरफ्तार
कोशी तक/सिंहेश्वर मधेपुरा:- सड़क दुर्घटना में कार्यपालक सहायक राजू सरदार की मौत के बाद एनएच-131 जाम कर प्रदर्शन और आगजनी करने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में सिंहेश्वर सीओ नवीन कुमार सिंह ने आदर्श थाना सिंहेश्वर में आवेदन देकर छह नामजद एवं 100-150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए आवेदन में सीओ श्री सिंह ने बताया कि 21 मई 2026 की सुबह करीब छह बजे सरकारी मोबाइल पर सूचना मिली कि मृतक राजू सरदार के शव को बड़हरी चौक एनएच-106 पर रखकर कुछ लोगों द्वारा सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, सशस्त्र बल तथा स्थानीय चौकीदारों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
आवेदन के अनुसार वहां करीब 100 से 150 लोग सड़क पर आगजनी करते हुए एनएच-131 को जाम किए हुए थे, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
स्थानीय चौकीदारों द्वारा गिद्गा गांव निवासी लक्ष्मण पंडित, सूर्य नारायण चौधरी, गुरु वचन कुमार, रामविलास महतो, राहुल चौधरी एवं इनरदेव सरदार की पहचान की गई। वहीं अन्य 100-150 अज्ञात लोगों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
सीओ श्री सिंह ने आवेदन में कहा है कि प्रशासन द्वारा काफी समझाने-बुझाने के बावजूद लोग नहीं माने। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेजा गया। उन्होंने सड़क जाम, आगजनी और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों की अवहेलना को संज्ञेय अपराध बताते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया की आवेदन पर मामला दर्ज कर 3 लोग सुर्य नारायण चौधरी, राहुल कुमार, लक्ष्मण पंडित को हिरासत में लिया गया है।
एक टिप्पणी भेजें